उत्तराखंड पुलिस को मिले नवीन ध्वज और प्रतीक चिह्न, सीएम धामी ने कहा- गौरव के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी

Published: 02 Nov 2026, 11:23 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

उत्तराखंड पुलिस को मिले नवीन ध्वज और प्रतीक चिह्न, सीएम धामी ने कहा- गौरव के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में उत्तराखंड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट एवं सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को नवीन गौरव चिह्नों के अनावरण पर बधाई दी, साथ ही कहा कि यह बदलाव केवल प्रतीकों और वर्दी में नहीं, बल्कि पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मूल आदर्शों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री धामी ने जोर देते हुए कहा कि पुलिस के नए प्रतीक गौरव के साथ जिम्मेदारी का भी एहसास कराते हैं। उन्होंने कहा कि इस नई पहचान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब प्रत्येक नागरिक को पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखाई दे। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित, अधिक प्रशिक्षित, दक्ष एवं सक्षम बनाने को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया।

उत्तराखंड पुलिस के नवीन ध्येय वाक्य 'कर्म सत्यं शौर्यम्' पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों से इन आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड पुलिस अपनी नवीन पहचान के साथ जनसेवा, अनुशासन, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के नए मानक स्थापित करेगी।

उत्तराखंड पुलिस के नवीन प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, 'सत्यमेव जयते', स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय एवं नदी को समाहित किया गया है, जो राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक पहचान को दर्शाते हैं। गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नवीन ध्वज अपनाया गया है, जिसके मध्य नया पुलिस प्रतीक चिह्न तथा लाल एवं स्वर्णिम किनारे शामिल हैं।

×