उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: 72 सड़कें बंद, बिजली-पानी आपूर्ति बाधित

Published: 02 Nov 2026, 11:55 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: 72 सड़कें बंद, बिजली-पानी आपूर्ति बाधित

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेशभर में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं के कारण कई मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे आवागमन ठप हो गया है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शनिवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, पूरे प्रदेश में कुल 72 सड़कें बंद हैं। इनमें 3 राज्य राजमार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग, 1 बीआरओ मार्ग, लोक निर्माण विभाग की 20 सड़कें और पीएमजीएसवाई व ग्रामीण क्षेत्रों की 47 सड़कें शामिल हैं।

सर्वाधिक मार्ग पिथौरागढ़ जिले में (14) बंद हैं। इसके अलावा, चमोली में 11, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 10-10, बागेश्वर में 8, देहरादून में 7, टिहरी में 6, पौड़ी में 3, अल्मोड़ा में 2 और नैनीताल में 1 सड़क बाधित है। इन सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभाग की टीमें और मशीनें लगातार काम कर रही हैं, लेकिन बारिश राहत कार्यों में बाधा डाल रही है।

बारिश का सबसे अधिक असर पहाड़ी जिलों में देखा जा रहा है। उत्तरकाशी के भटवाड़ी में 66 मिमी, रुद्रप्रयाग के जखोली में 87 मिमी, पिथौरागढ़ के डीडीहाट में 35.6 मिमी, धारचूला में 35.4 मिमी, पौड़ी के लैंसडाउन में 35 मिमी, बागेश्वर के कपकोट में 22 मिमी, अल्मोड़ा के चौखुटिया में 23 मिमी और देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में 21.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे सड़क संपर्क बार-बार टूट रहा है।

बारिश का कहर सिर्फ सड़कों तक ही सीमित नहीं है। चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में फीडर खराब होने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। रुद्रप्रयाग के जखोली क्षेत्र में दो गांवों की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में भी तकनीकी खराबी के कारण कई गांवों में बिजली व्यवस्था ठप है। प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत का कार्य संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर जारी है।

×