Published:
02 Nov 2026, 11:57 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण में सुर्खियों में रहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंस गई हैं। उन पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर एक राज्यपाल पद पर आसीन व्यक्ति और भाजपा के वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने का आरोप है। नगर कोतवाली में यह मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मोती बाजार निवासी सागर ने शिकायत दर्ज कराई है कि हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में उर्मिला सनावर कथित तौर पर मीडिया के कैमरों के सामने बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के एक राज्य के राज्यपाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला के खिलाफ अपमानजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगाती दिख रही हैं। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो भी लगा हुआ है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ऐसे बयान सार्वजनिक रूप से प्रसारित करने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा, समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की आशंका भी व्यक्त की गई है। इस कृत्य को एक महिला की निजता, प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ समाज में अशांति फैलाने का प्रयास माना जा रहा है। इस मामले में उर्मिला सनावर के साथ एक अज्ञात व्यक्ति का नाम भी शामिल किया गया है।
