Published:
02 Nov 2026, 11:23 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
टिहरी। उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, रानीचैरी में उपनल और संविदा कर्मचारियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। समान कार्य के लिए समान वेतन और बढ़े हुए मानदेय की मांग को लेकर कर्मचारियों ने एक बार फिर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी दयनीय आर्थिक स्थिति को उजागर करने के लिए भीख मांगकर अनोखा विरोध दर्ज कराया।
कर्मचारियों का आरोप है कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी उन्हें वेतन नहीं मिला, जिससे उनके परिवारों को घोर निराशा हुई। उनका कहना है कि लंबे समय से वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ विश्वविद्यालय में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वेतन की कमी के चलते उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में जब विश्वविद्यालय के डीन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर कर्मचारियों के पदों और पात्रता के अनुसार वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। हालांकि, उन्हें अभी तक शासन स्तर से स्वीकृति और बजट उपलब्ध होने का इंतजार है। डीन ने यह भी बताया कि कुछ कर्मचारी उपनल के माध्यम से मिलने वाला वर्तमान वेतन लेने को तैयार हैं, जबकि अधिकांश बढ़े हुए मानदेय की मांग पर अड़े हैं।
कर्मचारियों ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों, शासनादेशों और लागू नियमों के अनुसार तुरंत समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने पर विवश होंगे।
