Published:
02 Nov 2026, 11:23 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शनिवार को देहरादून में एक प्रेसवार्ता आयोजित कर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने फाइव-लेयर सिस्टम के तहत इस सूची की घोषणा की।
इस पहली सूची में प्रदेश की 16 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। पार्टी ने बताया कि प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकार और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्षों को प्राथमिकता दी गई है। यूकेडी ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में दूसरी सूची भी जारी की जाएगी।
यूकेडी की ओर से जारी सूची के अनुसार, पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, धारचूला से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरन सिंह कठैत, प्रतापनगर से प्रकाश राणा, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, राजपुर सीट से देव चंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से करण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल भूयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही यूकेडी नेताओं ने आगामी चुनाव के लिए पार्टी की राजनीतिक दिशा और मुद्दों को भी रेखांकित किया।
