Published:
02 Nov 2026, 11:23 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
नैनीताल। रामनगर क्षेत्र में वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए शनिवार को तड़के से बड़ी कार्रवाई शुरू हुई। पुलिस-प्रशासन और वन विभाग ने पूरी तैयारी के साथ अतिक्रमण ध्वस्त करने का अभियान चलाया। इस कार्रवाई में 500 से अधिक जवान शामिल रहे, जिन्होंने पुछड़ी गांव को दो सुपर जोन, पांच जोन और 14 सेक्टरों में विभाजित कर व्यवस्थित तरीके से अभियान को अंजाम दिया।
अतिक्रमण हटाने के लिए 20 जेसीबी, तीन बुलडोजर और मलबा उठाने के लिए 20 से अधिक डंपर, ट्रक तथा ट्रैक्टर जैसे भारी उपकरण मौके पर मौजूद थे। इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य वन भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना था।
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड टीम, दंगा नियंत्रण टीम, आंसू गैस दस्ता और क्विक रिस्पांस टीम भी तैयार रखी गई थी। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए।
