डिप्लोमा इंजीनियरों की हड़ताल जारी, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने दिया समर्थन

Published: 29 Mar 2026, 03:38 PM   |   Updated: 29 Mar 2026, 03:39 PM
Category: उत्तराखंड   |   By: Admin

रामनगर में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के आह्वान पर 27 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही हड़ताल छठे दिन भी जारी रही। विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर अपने कार्यों का बहिष्कार कर आंदोलन में डटे हुए हैं।

हड़ताल को उस समय और मजबूती मिली जब ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, कनिष्ठ प्रमुख संजय नेगी और उनके समर्थकों ने आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इससे हड़ताली इंजीनियरों का मनोबल और बढ़ा है।

प्रांतीय सचिव राजेंद्र गिरी ने इंजीनियरों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि मजबूरी में इंजीनियरों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

हड़ताल कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजीनियर प्रमोद कुमार ने की, जबकि संचालन शाखा सचिव इंजीनियर वासिफ द्वारा किया गया। आंदोलन में बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर शामिल रहे और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की गई।

×