Published:
02 Nov 2026, 11:57 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह दौरा 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित था, जिसमें राष्ट्रपति को देहरादून पहुंचने के बाद केदारनाथ धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना करनी थी।
राष्ट्रपति भवन की ओर से उत्तराखंड शासन को पत्र भेजकर दौरे के स्थगित होने की सूचना दी गई है। इस जानकारी के बाद प्रदेश में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर चल रही सभी प्रशासनिक तैयारियां रोक दी गई हैं।
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को भेजे गए पत्र में दौरे को टालने की बात कही गई है, लेकिन इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि किन परिस्थितियों के चलते यह दौरा स्थगित किया गया है।
राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवागमन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया था। अब सभी की निगाहें राष्ट्रपति भवन से जारी होने वाली नई तारीखों पर टिकी हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है और नवंबर में चारों धामों के कपाट बंद हो जाएंगे। राष्ट्रपति का केदारनाथ धाम का दौरा इसी अवधि में प्रस्तावित था।
