एमबीबीएस फर्जी दाखिला रैकेट: तीन और गिरफ्तार, कुल आठ आरोपी दबोचे गए

Published: 02 Nov 2026, 11:55 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

एमबीबीएस फर्जी दाखिला रैकेट: तीन और गिरफ्तार, कुल आठ आरोपी दबोचे गए

देहरादून। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। इस मामले में जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों में मुजफ्फरनगर निवासी प्रवीण कुमार, हरिद्वार के जगपाल सिंह और बिजनौर निवासी रामपाल सिंह शामिल हैं।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण-1 जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इन आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटियों को मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और आधार कार्ड सहित कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज कूटरचित तरीके से तैयार कराए थे।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को रायपुर और क्लेमेनटाउन थानों में सरकारी पोर्टल पर फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच में पाया गया कि अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेज फर्जी थे। एसआईटी का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

×