कोटद्वार में भीषण हादसा: बारिश से बचने खड़े लोगों पर गिरा पेड़, एक की मौत, एक घायल

Published: 02 Nov 2026, 11:55 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

कोटद्वार में भीषण हादसा: बारिश से बचने खड़े लोगों पर गिरा पेड़, एक की मौत, एक घायल

कोटद्वार। शुक्रवार सुबह कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए एक चाय की दुकान के पास खड़े दो व्यक्तियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उन पर एक विशालकाय पेड़ गिर गया। इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में हुई। हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बारिश से बचने के लिए दुकान के पास खड़े थे, तभी अचानक तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल दलीप को बाहर निकालकर उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

×