Published:
02 Nov 2026, 11:56 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र की शुरुआत से पहले एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने इस फैसले के पीछे विपक्ष की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उमेश कुमार का कहना है कि उन्होंने जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष ने इन मुद्दों पर उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में व्यस्त है और उसे जनता के हितों की कोई परवाह नहीं है।
विधायक कुमार ने स्पष्ट किया कि वे न तो कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और न ही भाजपा में। उन्होंने खुद को पूरी तरह से जनसेवक बताते हुए कहा कि वे जनहितों की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे उन लोगों के जिंदाबाद के नारे नहीं लगा सकते जो कल तक उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे।
उन्होंने हरिद्वार में किसानों की बर्बाद हुई फसलों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इस महत्वपूर्ण विषय पर भी उनके साथ कोई खड़ा नहीं हुआ। उमेश कुमार ने बुधवार को अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने की बात कही है। उनका यह कदम उत्तराखंड की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है।
