हरीश रावत की खानपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा, बोले- पार्टी का फैसला सर्वोपरि

Published: 02 Nov 2026, 11:56 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

हरीश रावत की खानपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा, बोले- पार्टी का फैसला सर्वोपरि

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक इच्छा जाहिर की है। मंगलवार को हल्द्वानी दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि उनका मन हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का है। हरीश रावत के मुताबिक, खानपुर क्षेत्र से जुड़े लोग उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं, यही वजह है कि उनके मन में इस सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा बनी है।

हालांकि, हरीश रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने को लेकर अंतिम निर्णय उनका नहीं, बल्कि पार्टी नेतृत्व का होगा। उन्होंने साफ किया कि पार्टी जहां से चुनाव लड़ने का निर्देश देगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे। उनका यह बयान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में नई चर्चा शुरू कर गया है।

रावत ने भाजपा को हराने के लिए मजबूत प्रत्याशी के साथ खड़े होने की बात भी कही। अब सभी की निगाहें कांग्रेस नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह हरीश रावत के इस अनुभव का इस्तेमाल किस रणनीति के तहत करता है और उन्हें किस सीट से चुनाव मैदान में उतारता है।

×