गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव पर जानलेवा हमला, परिसर में मचा हंगामा

Published: 02 Nov 2026, 11:23 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव पर जानलेवा हमला, परिसर में मचा हंगामा

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर शनिवार सुबह उस वक्त हंगामे का अखाड़ा बन गया, जब कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ कुलपति कार्यालय के बाहर कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटा, जिससे वे घायल हो गए। इस घटना से विश्वविद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घायल कुलसचिव को संभाला और उन्हें लेकर सीधे कनखल कोतवाली पहुंचीं। कुलसचिव का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि चोटों की गंभीरता का पता चल सके। इस बीच, कर्मचारी यूनियन से जुड़े कुछ लोग भी मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं, जिससे मामले में दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बन गई है।

यह घटना विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से चल रहे सफाई कर्मचारियों और शिक्षेत्तर कर्मचारी संघ के आंदोलन के बाद सामने आई है। हालांकि, शुक्रवार रात को ही दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते के बाद आंदोलन समाप्त होने की घोषणा की गई थी, लेकिन शनिवार सुबह एक बार फिर विवाद भड़क उठा और उसने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

×