देहरादून में बेरोजगारों का सचिवालय कूच: लंबित भर्तियों और रिक्त पदों को भरने की मांग

Published: 02 Nov 2026, 11:50 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

देहरादून में बेरोजगारों का सचिवालय कूच: लंबित भर्तियों और रिक्त पदों को भरने की मांग

देहरादून। शुक्रवार को उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं ने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञप्तियां जारी करने और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करने की मांग को लेकर एक बड़ी महारैली निकाली। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले प्रदेशभर से आए युवाओं ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक कूच किया, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी 17 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई।

संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने इस दौरान बताया कि हजारों युवा लंबे समय से सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कई विभागों में अभी तक भर्ती विज्ञप्तियां जारी नहीं हुई हैं। इसके साथ ही, कई भर्तियों की प्रक्रियाएं लंबित हैं और परीक्षा परिणामों में भी अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे युवाओं में भारी निराशा है।

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए और रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती विज्ञप्तियां जारी की जाएं। साथ ही, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। कंडवाल ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन जारी रहेगा।

प्रमुख मांगों में सिंचाई विभाग में प्रतिरूप सहायक, लोक निर्माण विभाग में अमीन, शहरी विकास विभाग में अधिशासी अधिकारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक और कर संग्रहकर्ता के पदों पर भर्ती शामिल है। इसके अलावा, उच्च शिक्षा विभाग में प्रयोगशाला सहायक, विभिन्न विभागों में पुस्तकालयाध्यक्ष और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआइ) में अनुदेशकों के 859 रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की मांग भी उठाई गई। युवाओं ने सभी विभागों में रिक्त पदों का आकलन कर भर्ती कैलेंडर जारी करने और चयन प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी को रोकने की भी मांग की।

×