Published:
02 Nov 2026, 11:57 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) स्थित विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी (सेवानिवृत्त) के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय खण्डूड़ी जी को एक अनुशासित सैनिक, समर्पित जनसेवक और कुशल प्रशासक बताया, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खण्डूड़ी जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहा है। उन्होंने सदन में ऐसे महान व्यक्तित्व का स्मरण करना अत्यंत भावुक क्षण बताया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी भूषण का उल्लेख करते हुए कहा कि जनरल खण्डूड़ी केवल उत्तराखण्ड के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के नायक रहे।
धामी ने याद किया कि खण्डूड़ी ने भारतीय सेना में रहते हुए वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में अपने साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया। सेना की इंजीनियरिंग सेवाओं में रहते हुए उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद खण्डूड़ी ने जनसेवा के क्षेत्र में नई पारी शुरू की और पांच बार गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने उत्तराखण्ड की आकांक्षाओं और पृथक राज्य की मांग को संसद में मजबूती से उठाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के रूप में स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी महत्वपूर्ण पहलों को आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रही।
वर्ष 2007 और 2011 में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त और अनुशासित शासन की मिसाल पेश की। प्रदेश में मजबूत लोकायुक्त व्यवस्था की दिशा में उनकी पहल भ्रष्टाचार के विरुद्ध उनके सख्त रुख और स्वच्छ प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 मई 2026 को 91 वर्ष की आयु में खण्डूड़ी का निधन प्रदेश और राष्ट्र के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से वास्तव में एक युग का अंत हुआ है।
