Published:
02 Nov 2026, 11:55 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए जारी ऑरेंज एवं येलो अलर्ट के दृष्टिगत शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को मौसम सामान्य होने तक नियंत्रित रखा जाए। संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करें।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। राजस्व, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि भारी बारिश एवं खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाने का आदेश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।
