Published:
02 Nov 2026, 11:23 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि और प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन शामिल है।
पवेलियन ग्राउंड, देहरादून से युवाओं को हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों के मानदेय वृद्धि के संबंध में जल्द ही एक बैठक आयोजित की जाएगी। यह घोषणा जवानों के हित में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इसके अतिरिक्त, देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की गई। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा, जिससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ-साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन किया और प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सरदार पटेल के देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में निभाए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
