चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: लापता विमान की तलाश में सेना और SDRF, CM धामी कर रहे निगरानी

Published: 02 Nov 2026, 11:56 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: लापता विमान की तलाश में सेना और SDRF, CM धामी कर रहे निगरानी

चमोली जिले में शुक्रवार दोपहर को एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। यह हेलीकॉप्टर जोशीमठ से बदरीनाथ धाम के बीच से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया। प्रशासन ने हेलीकॉप्टर क्रैश होने की आशंका जताई है, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर 2.15 बजे बदरीनाथ धाम से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद जोशीमठ के पास हाथी पर्वत इलाके में हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। भारतीय सेना ने सबसे पहले चमोली जिला प्रशासन को हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी थी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं।

राज्य की रेस्क्यू टीम के साथ-साथ भारतीय सेना भी इस तलाशी अभियान में शामिल हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना पर संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने खुद पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करने और गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की है।

×