हाथीपांव मंदिर के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिला लापता युवक का शव

Published: 15 Jul 2026, 07:15 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

देहरादून।  मंगलवार देर रात  मसूरी-देहरादून मार्ग पर हाथीपांव मंदिर के समीप जंगल में  एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुमित पाल (22), निवासी देहरादून के रूप में हुई है। सुमित 10 जुलाई से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नेहरू कॉलोनी थाना देहरादून में दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह अपनी बाइक से मसूरी आया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका था। मंगलवार देर रात को हाथीपांव रोड नाग मंदिर के पास जंगल में उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं शव को जंगली जानवारों ने नुकसान पहुंचाया और सड़ी गली हालत में बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या का है। जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है. साथ ही यह भी जांच का विषय है कि सुमित पाल मसूरी किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मसूरी के कोतवाल ने बताया कि 22 साल के सुमित पाल की देहरादून में गुमशुदगी दर्ज थी। बीती रात उसका शव हाथीपांव मंदिर के पास स्थित जंगल से मिला है। मौत कैसे हुई अभी ये कहना जल्दबाजी होगा। पीएम रिपोर्ट और अन्य जांचों के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी।

×