भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र का आगाज, हंगामेदार रहने के पूरे आसार

Published: 02 Nov 2026, 11:57 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र का आगाज, हंगामेदार रहने के पूरे आसार

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मंगलवार से विधानसभा सत्र का आगाज हो गया है। इस सत्र के काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं, क्योंकि प्रदेश का सियासी पारा पूरी तरह चढ़ा हुआ है। विपक्ष ने विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है, वहीं सड़क पर भी भारी उबाल देखने को मिल सकता है।

इस सत्र में सरकार को 31 विधायकों द्वारा पूछे गए 426 सवालों के जवाब भी देने होंगे। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस, प्रदेश प्रधान संगठन और उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इस दोतरफा चुनौती से निपटने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भरोसा दिलाया है कि सत्र के दौरान विधायकों को अपनी बात रखने और जनसमस्याओं को सदन में उठाने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। सत्र की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और वेबकास्टिंग भी की जाएगी, जिससे प्रदेश की जनता पारदर्शिता के साथ सदन की कार्यवाही से जुड़ सकेगी।

×