बागेश्वर: डीएम अपूर्वा पांडे के नाम पर ठगी का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी

Published: 02 Nov 2026, 11:55 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

बागेश्वर: डीएम अपूर्वा पांडे के नाम पर ठगी का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी

बागेश्वर में जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर लोगों से धनराशि मांगने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक अज्ञात मोबाइल नंबर से जिलाधिकारी के नाम पर फर्जी संदेश भेजकर रुपये ऐंठने की कोशिश की गई, जिससे जिले में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस मोबाइल नंबर से यह फर्जी संदेश भेजा गया था, उसकी प्रोफाइल पर स्वयं जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे की तस्वीर लगी हुई थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह नंबर एक विदेशी नंबर है, जिससे ठगी करने का प्रयास किया जा रहा था। इस घटना के सामने आते ही जिला प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आने वाले ऐसे संदेशों या फोन कॉल के प्रति अत्यंत सतर्क रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल किसी अधिकारी का नाम या फोटो देखकर किसी संदेश पर भरोसा न करें। यदि किसी अधिकारी के नाम से धनराशि मांगी जाती है, तो पैसे भेजने से पहले संबंधित अधिकारी से आधिकारिक माध्यम से उसकी पुष्टि अवश्य कर लें। बिना सत्यापन के किसी भी तरह का आर्थिक लेनदेन न करने की सलाह दी गई है।

जिला सूचना अधिकारी एस वर्मा ने भी इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिस मोबाइल नंबर से रुपये मांगे जा रहे थे, वह विदेशी नंबर है और उस पर जिलाधिकारी की तस्वीर लगी थी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश या धनराशि संबंधी अनुरोध पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और यदि कोई व्यक्ति अधिकारी, कर्मचारी या परिचित बनकर रुपये मांगता है तो पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें। संदिग्ध संदेश मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना देने की बात कही गई है। पुलिस इस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके।

×