बदरीनाथ हेलीकॉप्टर दुर्घटना: दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी, जांच टीम मौके पर पहुंची

Published: 02 Nov 2026, 11:23 AM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

बदरीनाथ हेलीकॉप्टर दुर्घटना: दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी, जांच टीम मौके पर पहुंची

चमोली। बदरीनाथ में हुए हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शनिवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। हादसे के कारणों की जांच के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) और जांच ब्यूरो की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। यह टीम दुर्घटना के पीछे के संभावित कारणों का पता लगाएगी।

शनिवार सुबह मौसम साफ होने के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त रेस्क्यू टीम तड़के ही दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गई थी। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि मौके पर मौजूद शवों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर लाया जाएगा। सेना सिग्नल कोर के जवान भी सुबह से ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

यह हेलीकॉप्टर शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था, लेकिन पांडुकेश्वर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुखद हादसे में दिल्ली के एक पायलट और कर्नाटक के पांच यात्रियों सहित कुल छह लोगों की जान चली गई थी। ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के इस हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

×