Published:
02 Nov 2026, 11:55 AM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। आगामी अर्धकुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को बड़ी राहत दी है। केंद्र ने राज्य को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। यह आवंटन हरिद्वार में प्रस्तावित भव्य मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यह घोषणा की गई कि केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने उत्तराखंड सरकार की मांग पर यह अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया है। इसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल शामिल है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर सूचित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस महत्वपूर्ण आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे अर्धकुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में काफी मदद मिलेगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
