Published:
18 Sep 2026, 03:57 PM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
चमोली। "जय मां नंदा, जय मां राजराजेश्वरी" के जयकारों से पूरा हिमालयी क्षेत्र गूंज उठा। प्रसिद्ध नंदा देवी बड़ीजात यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर, मां नंदा राजराजेश्वरी की देव डोलियां कैलाश की ओर रवाना हुईं। इस भावुक क्षण को देखकर हजारों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। सभी ने नम आंखों से मां को कैलाश के लिए विदा किया और उनका आशीर्वाद लिया। डोलियों के आगे बढ़ते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय जयकारों से गूंजता रहा।
बुधवार रात नंदा देवी राजराजेश्वरी की तीनों देव डोलियां लाटू के धर्मभाई गांव पहुंची थीं। यहां बधाण की नंदा, बांण की भगवती और दशोली की भगवती का ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य स्वागत किया। गुरुवार सुबह धर्म भाई लाटू की अगुवाई में नंदा राजराजेश्वरी की डोली बेदनीकुंड के लिए रवाना हुई। डोली के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और छंतौलियां भी यात्रा में शामिल हुईं। गुरुवार रात यात्रा का पड़ाव गैरोली पाताल में रहेगा।
कई दिनों से नंदा डोलियों के साथ चल रहे श्रद्धालुओं के लिए मां की कैलाश यात्रा का यह पड़ाव अत्यंत भावुक करने वाला रहा। डोली के आगे बढ़ने के दौरान श्रद्धालु लगातार जयकारे लगाते रहे। कई श्रद्धालु नम आंखों से मां को निहारते हुए दिखाई दिए और उन्होंने परिवार व क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
