Published:
18 Sep 2026, 03:57 PM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इस योजना को देश के लिए घातक बताते हुए केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह योजना न केवल युवाओं के भविष्य को अंधकारमय कर रही है, बल्कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से भी समझौता कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं को पक्की नौकरी चाहिए, 4 साल का इंतजार नहीं चाहिए। यह योजना देश और प्रदेश के युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 4 साल की इस अल्पकालिक योजना ने सेना की युद्ध क्षमता और मनोबल को भी कमजोर किया है। कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा से किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस ने सरकार से सीधा सवाल किया है कि 4 साल की सेवा पूरी करने के बाद वापस आने वाले अग्निवीरों के रोजगार को लेकर सरकार की क्या योजना है। हजारों परिवार कई पीढ़ियों से सेना में रोजगार को अपनी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का आधार मानते आ रहे हैं। इस योजना ने उनके स्थायी भविष्य और सपनों को चकनाचूर किया है। कांग्रेस ने मांग की है कि अग्निवीरों को रेगुलर किया जाना चाहिए।
