सीएम धामी ने शुरू की उत्तराखण्ड के 100 प्रमुख ट्रेक रूट्स की मैपिंग: सुरक्षित और सुगम होगा रोमांच

Published: 18 Sep 2026, 03:57 PM
Category: राज्य   |   By: Jokhim News

सीएम धामी ने शुरू की उत्तराखण्ड के 100 प्रमुख ट्रेक रूट्स की मैपिंग: सुरक्षित और सुगम होगा रोमांच

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखण्ड के 100 प्रमुख ट्रेक एवं हाइक रूट्स की जीपीएस/जीआईसी मैपिंग एवं तकनीकी सर्वेक्षण के लिए जाने वाले अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य राज्य में साहसिक और ट्रेकिंग पर्यटन को और अधिक सुरक्षित, सुगम तथा व्यवस्थित बनाना है।

उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा गठित टीमें इन चयनित ट्रेक रूट्स का स्थलीय सर्वेक्षण करेंगी और उनकी विस्तृत जीपीएस/जीआईसी मैपिंग करेंगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखण्ड में ट्रेकिंग की अपार संभावनाएं हैं, और आधुनिक तकनीक का उपयोग करके प्रसिद्ध ट्रेकिंग क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ एवं कम प्रसिद्ध ट्रेक रूट्स को भी पर्यटन मानचित्र पर लाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ट्रेक रूट्स की वैज्ञानिक मैपिंग से ट्रेकर्स को मार्ग से संबंधित आवश्यक जानकारियां मिलेंगी और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। इस परियोजना से उत्तराखण्ड में ट्रेकिंग का अनुभव बेहतर और अधिक विश्वसनीय बनेगा, जिससे राज्य में पर्यटन को एक नई दिशा मिलेगी।

×