Published:
18 Sep 2026, 03:57 PM
Category:
राज्य
|
By: Jokhim News
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र दिए, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने का कोई शॉर्टकट नहीं है। किसी भी क्षेत्र में कुछ हासिल करने के लिए मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत के बाद ही व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के पढ़ाई के क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन की सराहना की और इसे उनकी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने यह भी जोर दिया कि आज तकनीक तेजी से बदल रही है, ऐसे में स्वयं को अपडेट और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना भी आवश्यक है।
मुख्य सचिव ने प्रतिस्पर्धा के बदलते स्वरूप पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा केवल अपने गांव, क्षेत्र या विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के साथ है। इसलिए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए निरंतर सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आप पर भरोसा रखने और जीवन में कोई भी लक्ष्य निर्धारित करने पर उस पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपनी मेहनत और लगन से अपने भाग्य को बदल सकता है।
मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी को अपने क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की पहल शुरू करने पर बधाई दी, जिससे विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
